आजमगढ़। निजामाबाद में आयोजित PDA महापंचायत में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव वसीम अहमद ने PDA भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की आवाज को आज तक कोई दबा नहीं पाया है और आगे भी कोई इसे दबा नहीं पाएगा। महापंचायत में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया।
वसीम अहमद ने कहा, “ अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री नहीं बना लेता हूं, तब तक मैं चैन से नहीं सोऊंगा। इसके लिए सभी लोगों ने शपथ ली है और पूरे प्रदेश में जहां तक जिसके भी… जो भी होगा, सारे लोग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।”
उन्होंने कहा कि PDA महापंचायत सिर्फ एक सभा नहीं है, बल्कि इसका संदेश पूरे उत्तर प्रदेश में जाना चाहिए। समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बूथ स्तर तक मेहनत करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि हर घर तक संदेश पहुंचाना और हर मतदाता को जागरूक करना होगा।
निजामाबाद की विरासत और कारीगरों का भी किया जिक्र
वसीम अहमद ने निजामाबाद के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए महर्षि दत्तात्रेय, दुर्वासा धाम, माता शीतला शक्तिपीठ, मौनी बाबा, मोती बाबा, गुरुद्वारा चरण पादुका और विभिन्न मदरसों को क्षेत्र की धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत बताया। उन्होंने शहीद विनोद कुमार समेत क्षेत्र के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने निजामाबाद की काली मिट्टी से बनने वाले मिट्टी के बर्तनों और स्थानीय कारीगरों की कला को क्षेत्र की पहचान बताया। कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस पारंपरिक कला और इससे जुड़े कारीगरों को विशेष सुविधाएं और प्रोत्साहन देने का काम किया जाएगा, ताकि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।
बूथ से घर तक पहुंचाने का संदेश
सपा प्रदेश सचिव ने कहा कि SIR से PDA चौपाल और PDA चौपाल से PDA महापंचायत तक का सफर लगातार संघर्ष और जनता के बीच रहने का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ तक पहुंचने, घर-घर दस्तक देने, जन-जन से संवाद करने और पात्र मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की।
महापंचायत में कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से मेहनत करने का संकल्प लिया। वसीम अहमद ने कहा कि जब तक लक्ष्य पूरा नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान सपा के पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

