Bihar : जरा सोचिए कि एक पिता अपनी जवान बेटी की लाश के सामने खड़ा होकर उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा हो और तभी अचानक उसके मोबाइल पर उसी बेटी का वीडियो आ जाए और वो कहे कि ‘मम्मी-पापा मैं जिंदा हूँ’।
बिहार के समस्तीपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता अपनी बेटी की मौत की खबर सुनकर उसके अंतिम संस्कार की तैयारियां कर रहा था, लेकिन तभी बेटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया “मम्मी-पापा, मैं मरी नहीं हूँ, मैं अभी जिंदा हूँ! मैंने अपनी मर्जी से शादी कर ली है और अपने पति के साथ बहुत खुश हूँ। कृपया मेरी तलाश न करें और न ही परेशान हों।”
बिहार के समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई पंचायत स्थित भजनगामा गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 21 जून को घर से दादी की दवा लाने निकली स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा घर नहीं लौटी। परिवार ने खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार वालों ने जमीनी विवाद में अपहरण की आशंका जताते हुए 23 जून को विद्यापतिनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
तालाब किनारे मिली लाश
पुलिस लापता युवती की तलाश में जुटी थी। इसी बीच 27 जून को पड़ोसी जिले बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में तालाब किनारे बोरे में बंद एक सड़ा-गला शव मिला। परिवार को शव दिखाये जाने पर परिजनों ने उसे अपनी बेटी की शिनाख्त कर ली। शोकाकुल परिवार सोमवार सुबह शव को घर लाकर दाह संस्कार की तैयारी कर रहा था।
Also Read – Bihar : अस्पताल के बाहर खड़ी थीं मौत की चार गाड़ियां, मासूम 4 घंटे तक मांगती रही सांसें
वायरल हुआ बेटी का वीडियो
ठीक दाह संस्कार की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया पर छात्रा का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में युवती खुद को जिंदा बताते हुए कह रही है कि वह अपनी इच्छा से लव मैरिज कर चुकी है और पूरी तरह सुरक्षित है। उसने अपनी तस्वीर और अन्य वीडियो भी साझा किए। वीडियो वायरल होते ही परिवार स्तब्ध रह गया।
परिवार और पुलिस दोनों हैरान
पुलिस ने भी मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार ने बताया कि लापता लड़की का वीडियो सामने आ गया है और उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस टीम युवती को शीघ्र बरामद करने में जुटी हुई है। वीडियो की प्रामाणिकता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल युवती की सुरक्षित बरामदगी प्राथमिकता है।
“लापता लड़की का वीडियो सामने आया है, उसका लोकेशन भी ट्रेस हो रहा है। पुलिस टीम उसके बरामदगी में लगी हुई है, जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा”- विवेक कुमार, डीएसपी, दलसिंहसराय।
Also Read – राम मंदिर में चोरी पर राजभर का ‘रौद्र रूप’! बोले- ‘बड़ी मछली’ भी गई तो सीधे जाएगी जेल
फिर वो लाश किसकी थी?
इस चौंकाने वाले मोड़ के बाद अब पुलिस के सामने दो सबसे बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। असली बेटी कहां है? वीडियो के आधार पर पुलिस अब लड़की और उसके प्रेमी/पति की लोकेशन ट्रेस कर रही है ताकि उन्हें सुरक्षित सामने लाया जा सके और कोर्ट में बयान दर्ज कराया जा सके। वह अज्ञात शव किसका है? जिस शव का अंतिम संस्कार होने जा रहा था, वह आखिर किस बदकिस्मत लड़की का था? पुलिस ने अब उस शव को दोबारा अपने कब्जे में ले लिया है और नए सिरे से उसकी शिनाख्त और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के जरिए मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
लव मैरिज की वजह से घर से भागी छात्रा
ग्रामीणों के अनुसार, छात्रा दलसिंहसराय कॉलेज में ग्रेजुएशन कर रही थी। उसकी एक स्थानीय युवक से लंबे समय से दोस्ती थी। दोनों ने शादी करने का फैसला लिया और गुपचुप तरीके से घर से भाग गए। यह मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

