बहराइच। कैसरगंज कस्बे के एक निजी अस्पताल में रविवार को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने की। शिविर का आयोजन भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक डॉ. अरविंद सिंह की ओर से किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।
शिविर में मौजूद चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की और उन्हें आंखों की देखभाल के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया। जांच के दौरान जिन मरीजों में आंखों से संबंधित गंभीर समस्या अथवा ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, उन्हें चिह्नित किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी समस्या के अनुसार उपचार और आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क नेत्र जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और चिकित्सकों से आंखों से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान लोकतंत्र सेनानी प्रमोद कुमार गुप्ता, शिव सहाय सिंह, शिवानंद सिंह, हीरालाल मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

