Site icon Talk2India

सर्वजन हित पार्टी 200 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, 9 प्रत्याशियों की सूची जारी

लखनऊ। अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम नारायण चौबे ने रविवार, 1 नवंबर को लखनऊ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में 200 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इस दौरान उन्होंने नौ विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की।

पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अभूतपूर्व प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने पहली सूची में सिसवां, बारा, हंडिया, सलेमपुर, देवरिया, छिबरामऊ, लालगंज, हाटा और पट्टी विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।

इन सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, 317-सिसवां से दीपक द्विवेदी, 264-बारा से मनीष कन्नौजिया, 258-हंडिया से अतुल सिंह, 311-सलेमपुर से कमलेश कुमार धनगर, 337-देवरिया से ओम जी धनगर, 196-छिबरामऊ से धर्मेंद्र दुबे, 351-लालगंज से सौरव नवीन, 334-हाटा से आदित्य पांडेय और 249-पट्टी से प्रवीण मिश्रा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी जुगल किशोर तिवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम नारायण चौबे, चुनावी रणनीतिकार पंकज त्रिपाठी, राष्ट्रीय महासचिव मृत्युंजय चौबे, राष्ट्रीय प्रवक्ता राम तिवारी और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रागिनी अवस्थी मौजूद रहीं।इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश सिंह और आरके सिंह, प्रदेश महासचिव अमरेंद्र गुप्ता, प्रदेश सचिव वंश बहादुर सिंह और सोमेन्द्र सिंह उर्फ लकी, पूर्वांचल प्रभारी धीरज पांडेय, कुशीनगर जिलाध्यक्ष आदित्य पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version