Site icon Talk2India

Unnao Crime : रिश्तों का कत्लेआम, 8 बिसुआ जमीन के लिए भाई बना हैवान

Unnao crime

उन्नाव (Unnao Crime) के माखी थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी के विवाद ने एक परिवार को गहरे मातम में डुबो दिया। आरोप है कि आठ बिसुआ खेत को बेचने और पैसे के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने ही बीमार छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई है।

मामला माखी थाना क्षेत्र के सरांय थोक मोहल्ले का है। यहां रहने वाले 37 वर्षीय पंकज दुबे पुत्र स्वर्गीय रामभरोसे पिछले लगभग छह माह से बीमारी के कारण घर पर ही रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार देर रात परिवार के भीतर जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने कुछ ही घंटों में एक युवक की जान ले ली।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां विजयलक्ष्मी ने अपने बड़े बेटे कृष्णगोपाल उर्फ बड़क्के पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पति की मृत्यु के बाद परिवार की करीब आठ बिसुआ कृषि भूमि चारों बेटों कृष्णगोपाल, पंकज, रामजी और पवन सहित परिवार के पांच सदस्यों के नाम दर्ज है।

Also Read – Kanpur Murder Case : हॉस्पिटल संचालक का खौफनाक राज, युवती को अगवा कर दरिंदगी फिर हत्या

मां के अनुसार बड़ा बेटा खेत बेचकर उसका पैसा चाहता था। इसी बात को लेकर शनिवार रात करीब एक बजे घर में विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि गुस्से में कृष्णगोपाल ने पहले बीमार पंकज के ऊपर पानी डाला और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मां के साथ भी मारपीट की गई।

सुबह तक बिगड़ती रही हालत, दोपहर में हुई मौत

परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद पंकज की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। रविवार दोपहर करीब दो बजे उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही माखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Also Read – Kanpur Shuklaganj Bridge : डीएम ने लिया बड़ा फैसला, अचानक खाली होने लगा शुक्लागंज का यह इलाका

थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक काफी समय से बीमार रहता था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

फिलहाल मामले में मृतक की मां ने सीधे बड़े बेटे पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अब यह रिपोर्ट ही तय करेगी कि पंकज की मौत बीमारी के कारण हुई या फिर मारपीट से लगी चोटों ने उसकी जान ली।

परिवार के भीतर जमीन के छोटे से हिस्से को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक मौत में बदल चुका है। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह सामने आ सकेगी।

Exit mobile version