Mayawati ने समर्थकों को दिया संदेश! बताया, कैसे हासिल करें सत्ता की चाबी

लखनऊ। BSP सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने अपने कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर संघर्ष करें और अपनी ‘Vote Power’ से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करें। जानिए पूरा बयान…

बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए दलित, पिछड़े और अन्य उपेक्षित वर्गों से कानून के दायरे में रहकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से इन वर्गों को अनेक अधिकार दिए हैं और उनकी वास्तविक सुरक्षा तथा सम्मान का रास्ता राजनीतिक सत्ता की “मास्टर चाबी” हासिल करने में है।

Also Read – Bihar : श्मशान में चिता तैयार कर रहा था पिता, तभी बेटी का वीडियो वायरल- ‘मम्मी-पापा मैं जिंदा हूँ’

मायावती ने कहा कि बाबा साहेब ने हमेशा संविधान और कानून के दायरे में रहकर संघर्ष करने की सीख दी थी। यदि किसी मामले में न्याय न मिले तो अदालतों का सहारा लेना चाहिए न कि हिंसा, हंगामा या सड़क जाम जैसे रास्ते अपनाने चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन और राजनीतिक दल अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ के लिए पीड़ित वर्गों को भड़काकर सड़कों पर उतारते हैं। पहले हिंसा और बवाल कराते हैं, फिर घटनास्थल पर पहुंचकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं। इससे पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, बल्कि उनकी परेशानियां और बढ़ जाती हैं।

बीएसपी प्रमुख ने कहा कि समाज के वंचित वर्गों को अपनी एकजुटता और वोट की ताकत के बल पर सत्ता हासिल करने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने इसे “लाख दुखों की एक ही दवा” बताते हुए कहा कि बीएसपी इसी लक्ष्य को लेकर लगातार प्रयासरत है।

Also Read – राम मंदिर में चोरी पर राजभर का ‘रौद्र रूप’! बोले- ‘बड़ी मछली’ भी गई तो सीधे जाएगी जेल

मायावती ने आगामी विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए लोगों से ऐसे संगठनों और दलों से सतर्क रहने की अपील की जो उन्हें गुमराह करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में समाज को पूना पैक्ट और भगवान बुद्ध के उपदेशों से भी सीख लेने की आवश्यकता है।

अपने संबोधन के अंत में मायावती ने सभी से शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान करते हुए “जय भीम” और “जय भारत” के नारे के साथ अपना वक्तव्य समाप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *