राम मंदिर में चोरी पर राजभर का ‘रौद्र रूप’! बोले- ‘बड़ी मछली’ भी गई तो सीधे जाएगी जेल

अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला के चढ़ावे और दानपात्र से हुई चोरी के मामले ने अब भारी राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस शर्मनाक घटना पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा (SBSP) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बेहद कड़ा और आक्रामक रुख अपनाया है। राजभर ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि आस्था के केंद्र में सेंध लगाने वाला चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, ‘चाहे छोटी मछली हो या बड़ी मछली’—किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और उसे पाताल से भी ढूंढकर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

ओमप्रकाश राजभर मंगलवार को जौनपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले, प्रदेश की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि सरकार मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “मछली छोटी हो या बड़ी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। दोषी चाहे किसी भी पद पर हो, कानून अपना काम करेगा।” टिन्नू यादव के घर बुलडोजर चलने के सवाल पर राजभर ने कहा कि यह निर्णय प्रशासन के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने कहा कि “बुलडोजर कब पहुंचेगा, इसका फैसला प्रशासन करेगा।

Also Read – Bihar : अस्पताल के बाहर खड़ी थीं मौत की चार गाड़ियां, मासूम 4 घंटे तक मांगती रही सांसें

कब उजागर हुआ यह मामला

आपको बता दें, यह मामला पहली बार तब सार्वजनिक हुआ जब समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राम मंदिर के दानपात्र और चढ़ावे से करीब 5 करोड़ से 7.5 करोड़ रुपये की चोरी होने का गंभीर आरोप लगाया। उसी दिन (7 जून) शाम को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट करके सरकार को घेरा, जिससे यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 13 जून 2026 को SIT का गठन किया गया। इसी दिन एक आरोपी कर्मचारी के घर छापेमारी में लाखों रुपये कैश भी बरामद हुए थे। गहन जांच और शुरुआती सबूत मिलने के बाद, 26 जून 2026 को मंदिर ट्रस्टी की शिकायत पर इस मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ आधिकारिक तौर पर FIR दर्ज की गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

राम मंदिर के वीआईपी और बेहद सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में हुई इस चोरी के बाद अयोध्या पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंदिर ट्रस्ट और सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़े हुए हैं कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा को भेदकर चोरों ने दानपात्र पर हाथ साफ कैसे किया? पुलिस अब मंदिर परिसर और उसके आसपास लगे सैकड़ों हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही हाल के दिनों में मंदिर के गर्भगृह और दानपात्र के आसपास तैनात रहे कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों और संदिग्धों की एक लंबी लिस्ट तैयार की गई है, जिनसे बंद कमरे में पूछताछ की जा रही है।

Also Read – पहला दावा अहीर बाकी जाए भाड़ में, ओपी राजभर का Akhilesh यादव पर निशाना

अखिलेश यादव पर बोला हमला 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि “पिछले दो वर्षों से अखिलेश यादव मुझ पर गालियां दिलवा रहे हैं। अब मैंने जवाब देना शुरू किया तो उन्हें बुरा लग रहा है। इस जन्म में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे, इसके लिए उन्हें दूसरा जन्म लेना पड़ेगा। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि एनडीए सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।

वहीं सपा पर विधायकों को तोड़ने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव उनके विधायकों को अपने पाले में करने का प्रयास कर रहे थे। विधायकों की खरीद-फरोख्त के सवाल पर राजभर ने कहा, “अगर कोई बिकेगा तो लोग खरीदेंगे ही।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *