लखनऊ में सपा शिक्षक सभा की बैठक में एमएलसी चुनाव की रणनीति पर मंथन

लखनऊ। बिजनौर स्थित एक निजी विद्यालय में रविवार को समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक का आयोजन शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव रणजीत यादव ने किया। रणजीत यादव मुंगरा बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी भी हैं। बैठक में मुख्य अतिथि बीपी पांडेय रहे। शिक्षक सभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

बैठक में शिक्षक और स्नातक खंड के एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। रणजीत यादव ने बताया कि 11 मंडलों में शिक्षक और स्नातक प्रत्याशियों के समर्थन में रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव को लेकर लगातार तैयारी कर रहा है। एमएलसी चुनाव के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

IMG 20260927 WA0049

बैठक में शिक्षकों की समस्याओं और उनसे जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। रणजीत यादव ने उत्तर प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार विद्यालयों को दोबारा खोलने की मांग उठाने की बात कही। वित्तविहीन शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज और अन्य सुविधाओं का मुद्दा भी उठाने की बात कही गई।

 

69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मामले पर भी चर्चा हुई। रणजीत यादव ने करीब 18 हजार शिक्षकों के प्रभावित होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को विधानसभा और विधान परिषद में उठाया जाएगा।

रणजीत यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षकों के लिए अलग घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इसमें शिक्षकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते वित्तविहीन शिक्षकों को 1,000 रुपये दिए जाते थे और 2027 में सपा की सरकार बनने पर इस राशि को बढ़ाकर 5,000 रुपये किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *