महाराष्ट्र के लोनावला (Lonavala Murder) में बड़ा खुलासा हो गया है। लोहागढ़ किले से गिरकर हुई बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं, बल्कि मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की खौफनाक साजिश थी। पुणे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए खोला राज।
जिस कहानी की शुरुआत उदयपुर के एक आलीशान पैलेस में होने वाली 17 करोड़ की ‘शाही शादी’ के सपनों से हुई थी, उसका अंत लोनावला की एक 400 फीट गहरी खौफनाक खाई में होगा, ऐसा किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। 18 जून को जिसे पूरी दुनिया लोहागढ़ किले पर मंगेतर की फोटो खींचते समय हुआ एक ‘दर्दनाक हादसा’ समझ रही थी, पुणे पुलिस की जांच में वो एक रूह कंपा देने वाली ‘सोची-समझी हत्या’ निकली है। कलयुगी मंगेतर सिया गोयल ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने होने वाले पति केतन अग्रवाल को मौत की खाई में धकेल दिया था।
33 डिग्री की गर्मी में ‘हुडी’ ने खोला राज
18 जून को सिया ने अपने जन्मदिन के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए राजी किया। शुरुआत में केतन का शव मिलने के बाद पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ माना था, लेकिन केतन के परिवार को शक था क्योंकि केतन एक अनुभवी ट्रेकर थे।
Also Read – Lucknow Fire अग्निकांड के बाद 100 से ज्यादा सेंटर्स जांच के घेरे में, कइयों पर लगा ताला
पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल के नेतृत्व में जब जांच शुरू हुई, तो किले के टिकट काउंटर के सीसीटीवी फुटेज ने पूरा केस पलट दिया। 18 जून को वहां का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था। उस चिलचिलाती धूप में सीसीटीवी में एक लड़का सिर पर हुडी (कैप) डाले, चेहरा छुपाए और कानों में हेडसेट लगाए केतन और सिया का पीछा करते दिखा। इस लड़के की पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। चेतन ने पकड़े जाने से बचने के लिए अपना फोन दुकान पर ही छोड़ दिया था और लोकेशन ट्रेस न हो, इसलिए अपने एक कर्मचारी का फोन साथ लाया था और इंटरनेट भी बंद कर रखा था।
बाली ट्रिप फेल करने के लिए छिपाया था पासपोर्ट
केतन अग्रवाल (26 वर्ष) पिंपरी-चिंचवाड़ के एक बड़े रियल एस्टेट व्यवसायी विशाल अग्रवाल के बेटे थे और कंपनी में डायरेक्टर थे। सिया गोयल (20 वर्ष) के साथ उनकी सगाई हो चुकी थी और इसी साल उदयपुर के एक आलीशान पैलेस में ₹17 करोड़ के बजट वाली भव्य शादी होने वाली थी। मेहमानों के लिए दो प्राइवेट जेट भी बुक हो चुके थे।
पुलिस जांच में पता चला कि सिया इस शादी से खुश नहीं थी क्योंकि वह अपने पारिवारिक दोस्त चेतन चौधरी से प्यार करती थी। जून के पहले हफ्ते में केतन और सिया का बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट तय हुआ था। मुंबई एयरपोर्ट पर अचानक केतन का पासपोर्ट गायब हो गया और ट्रिप रद्द करनी पड़ी। अब खुलासा हुआ है कि सिया ने खुद जानबूझकर केतन का पासपोर्ट छिपा दिया था ताकि उसे बाली न जाना पड़े।
Also Read – महंगाई का बड़ा झटका! किचन के दामों में भारी ‘Price Hike, लिस्ट देखकर उड़ जाएंगे होश
चार दिन पहले भी की थी मारने की कोशिश
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पूछताछ के हवाले से बताया कि आरोपियों ने केतन को मारने की पहली साजिश 14 जून को भी रची थी। 14 जून को लोहागढ़ किले पर सिया ने केतन को खाई की तरफ धक्का दे दिया था, लेकिन खुशकिस्मती से एक पेड़ ने केतन को रोक लिया और उनकी जान बच गई। उस समय सिया ने बहाना बनाया था कि उसने वहां एक सांप देखा था और केतन को बचाने के चक्कर में धक्का लग गया। इसके बाद 18 जून को वह दोबारा केतन को फुसलाकर उसी जगह ले गई, जहां चेतन पहले से छिपा था और दोनों ने मिलकर केतन को 400 फीट नीचे मौत की खाई में धकेल दिया।
कानून का शिकंजा
लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या (IPC 302/भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं) और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जिस प्रेम कहानी और आलीशान शादी के सपने केतन की आंखों में थे, उसका अंत सिया के इस खौफनाक धोखे के साथ हुआ। केतन का परिवार अब दोनों आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा (फांसी) की मांग कर रहा है।